PM Narendra Modi / पीएम मोदी को साइप्रस का मिला सर्वोच्च सम्मान, 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस-III

By Tatkaal Khabar / 16-06-2025 04:03:35 am | 139 Views | 0 Comments
#

PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अपने तीन देशों के आधिकारिक दौरे पर हैं और इसका पहला पड़ाव है यूरोपीय देश साइप्रस, जहां उन्होंने द्विपक्षीय रिश्तों में एक ऐतिहासिक अध्याय जोड़ा है। दौरे के दूसरे दिन उन्हें साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्राप्त करने वाले वे दुनिया के 23वें नेता बने हैं। सम्मान को भारत की जनता को समर्पित किया राजधानी निकोसिया में आयोजित एक भव्य समारोह में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया। सम्मान स्वीकारते हुए पीएम मोदी ने कहा, “यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का है। यह हमारे सांस्कृतिक मूल्यों, भाईचारे और वसुधैव कुटुंबकम की भावना का सम्मान है।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह सम्मान भारत और साइप्रस के मजबूत, मैत्रीपूर्ण और गहरे रिश्तों को समर्पित है, जो साझा मूल्यों, आपसी समझ और विश्वास पर आधारित हैं। व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी पर विशेष फोकस अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति के साथ व्यापारिक गोलमेज सम्मेलन में भाग लिया, जिसमें दोनों देशों के कारोबारी नेताओं ने भाग लिया। प्रधानमंत्री ने साइप्रस को “यूरोप के प्रवेश द्वार” के रूप में वर्णित किया और कहा कि कई भारतीय कंपनियां इसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानती हैं। उन्होंने बताया कि भारत और साइप्रस के बीच डिजिटल पेमेंट, टूरिज्म, डिफेंस, स्टार्टअप, और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। इस दौरान NPCI इंटरनेशनल और यूरोबैंक साइप्रस के बीच एक अहम समझौता भी हुआ, जिससे सीमा-पार डिजिटल भुगतान की सुविधा दोनों देशों के नागरिकों को मिल सकेगी।