चलती चारमीनार एक्सप्रेस में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

By Tatkaal Khabar / 26-04-2026 07:07:08 am | 61 Views | 0 Comments
#

तेलंगाना, 26 अप्रैल, 2026 तेलंगाना में चलती ट्रेन में अचानक लगी आग ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। यह घटना चारमीनार एक्सप्रेस में हुई, जहां एक कोच देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया और यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया। आग तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरी जिले के आलैर रेलवे स्टेशन के पास S5 कोच में लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले कोच में धुआं दिखाई दिया और कुछ ही देर में तेज लपटें उठने लगीं, जिससे पूरा डिब्बा भट्टी जैसा नजर आने लगा। उस समय ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालात बिगड़ते देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रोकी, जबकि कई यात्री ट्रेन रुकने से पहले ही नीचे उतर गए। समय रहते ट्रेन रुकने और कम गति होने की वजह से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और आग अन्य कोचों तक नहीं फैल सकी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट जैसी तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। यह घटना दिखाती है कि सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।