हरियाणा में दर्दनाक हादसा: 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय मासूम की 21 घंटे मशक्कत के बाद मिला शव

By Tatkaal Khabar / 01-07-2026 09:39:00 am | 84 Views | 0 Comments
#

हरियाणा के अंबाला जिले में 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिरे चार वर्षीय मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। करीब 21 घंटे तक चले लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार तड़के बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह हादसा अंबाला के धनौरा गांव में हुआ, जहां बच्चा खेलते समय खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और अन्य बचाव एजेंसियों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। बच्चे तक पहुंचने के लिए समानांतर गड्ढा खोदा गया और सुरंग बनाकर उसे निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सभी प्रयास आखिरकार नाकाम रहे।

रेस्क्यू अभियान के दौरान लगातार ऑक्सीजन पहुंचाने और आधुनिक उपकरणों की मदद से बच्चे तक पहुंचने का प्रयास किया गया। बच्चे के बाहर निकलते ही उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। खुले और परित्यक्त बोरवेलों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।