घायल युवती को देख रुका चिराग पासवान का काफिला

By Tatkaal Khabar / 20-07-2026 03:05:35 am | 2659 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, जुलाई 20, 2026 केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को अमृतसर से जालंधर जाते समय एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। यात्रा के दौरान सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी एक युवती को देखकर उन्होंने बिना देर किए अपना काफिला रुकवा दिया और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। घटना जालंधर से करीब 10–15 किलोमीटर पहले डेरा सचखंड बल्लान के निकट की बताई गई है। युवती की हालत देखकर चिराग पासवान ने अपनी टीम को निर्देश दिया कि उसे तुरंत उनकी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया जाए और उसके इलाज में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि घायल युवती को समय पर चिकित्सकीय सुविधा मिल सके। घायल युवती को अस्पताल पहुंचाने और उसके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद ही चिराग पासवान ने अपनी आगे की यात्रा जारी रखी। उनके इस कदम को संवेदनशील नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण माना जा रहा है। व्यस्त कार्यक्रम के बीच जरूरतमंद की मदद को प्राथमिकता देने की इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है।