लोकमान्य तिलक जयंती: राष्ट्र ने किया महान स्वतंत्रता सेनानी को नमन
नई दिल्ली, जुलाई 23, 2026 लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रवाद, स्वदेशी और जनजागरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि लोकमान्य तिलक के विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठ जीवन के लिए प्रेरित करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “लोकमान्य तिलक को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक के रूप में उन्होंने राष्ट्रवाद की भावना जगाई और पीढ़ियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। हमारी संस्कृति को लोकप्रिय बनाने और भाईचारे की भावना को बढ़ाने के उनके प्रयास भी उतने ही प्रेरणादायक थे। उनकी लेखनी ने लोगों में नया आत्मविश्वास जगाया और गर्व की भावना को बढ़ावा दिया।” वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उनका अमर उद्घोष, ‘स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा’, करोड़ों भारतीयों में स्वतंत्रता और राष्ट्रभावना की चेतना जगाने वाला मंत्र बना। उनका अटूट राष्ट्रप्रेम, स्वराज के प्रति दृढ़ संकल्प और स्वदेशी पर बल आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।” केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक स्वाधीनता संग्राम के उन अग्रणी नायकों में थे, जिन्होंने युवाओं को संगठित करने के साथ-साथ स्वभाषा, स्वदेशी और स्वसंस्कृति के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने लिखा, “‘स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा’ उनके इस उद्घोष ने पूरे राष्ट्र की चेतना को झकझोर कर स्वाधीनता की भावना को जन-जन तक पहुंचाया। गणेश उत्सव और छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती जैसे आयोजनों से उन्होंने राष्ट्रीय जागरण का अभूतपूर्व कार्य किया। उनका कालजयी ग्रंथ ‘गीता रहस्य’ आज भी हमें कर्तव्यपथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। लोकसेवा व राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक तिलक महाराज की जयंती पर उन्हें कोटिश नमन।” वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, “स्वदेशी आंदोलन, शिक्षा प्रसार और निरंतर सक्रियता के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना को बलवती करने में लोकमान्य तिलक की महती भूमिका रही। उनके निर्भीक व्यक्तित्व, राष्ट्रवादी पत्रकारिता और जनजागरण के प्रयासों ने करोड़ों भारतीयों को स्वाधीनता आंदोलन में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। राष्ट्र सर्वोपरि की उनकी भावना, अदम्य साहस, विचारशीलता और तपस्वी कर्मनिष्ठा आज भी प्रत्येक भारतीय को मातृभूमि की सेवा, राष्ट्रनिर्माण और कर्तव्यनिष्ठ जीवन के लिए प्रेरित करती है।” लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक का जीवन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय चेतना और समाज जागरण का सशक्त प्रतीक माना जाता है। स्वराज, स्वदेशी और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी देश के लिए प्रेरणादायक बनी हुई है और उनकी विरासत नई पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश देती है।