सीमा सुरक्षा पर जमीन को लेकर अमित शाह का ममता सरकार पर हमला
नई दिल्ली, 21अगस्त 2026 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध न कराने को लेकर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद सीमा सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से जरूरी जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई। पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को एसएसबी के फ्रंटियर मुख्यालय में विभिन्न परियोजनाओं के भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान शाह ने कहा, ‘‘मैंने सीमा पर बीएसएफ द्वारा बाड़ लगाए जाने के लिए जमीन मुहैया कराने को लेकर कई बार गुहार लगाई लेकिन ममता बनर्जी ने इसे अनसुना कर दिया। मैं सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए 1,129 एकड़ जमीन की मांग 2014 से कर रहा था। राज्य में (मुख्यमंत्री) शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद ही हमें यह जमीन मिली।’’ अमित शाह ने कहा कि राज्य के किसी भी पूर्व मुख्यमंत्री ने एसएसबी या सीमा सुरक्षा बल के कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं लिया। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को इस परंपरा को बदलने के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री निमंत्रण भेजे जाने के बावजूद एसएसबी के समारोहों में कभी शामिल नहीं हुए। एसएसबी कोई राजनीतिक संगठन नहीं है। यह बल ऐसी बातों से ऊपर है।’’ उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सुरक्षा बलों के प्रति इस तरह की उदासीनता से गलत संदेश जाता है। राज्य में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने के बाद बागडोगरा पहुंचे अमित शाह ने केंद्र की सुरक्षा जरूरतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। सिलीगुड़ी गलियारे की सुरक्षा के लिए 560 एकड़ जमीन की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के दौरान यह जमीन वर्षों तक उपलब्ध नहीं कराई गई। शाह ने कहा, ‘‘हमें सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए जो भी चाहिए था, वह शुभेंदु अधिकारी के सत्ता में आने के बाद से मिला। अब तो परियोजनाओं के लिए औपचारिक पत्र भेजे जाने से पहले ही राज्य की मंजूरी मिल जाती है।’’