BRICS के बढ़ते प्रभाव पर पीएम मोदी का जोर

By Tatkaal Khabar / 11-09-2026 02:36:33 am | 93 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 11सितंबर 2026 BRICS बिजनेस फोरम 2026 को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समूह की दो दशक लंबी यात्रा और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने BRICS के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि किस तरह यह समूह अपनी शुरुआत के समय की तुलना में आज कहीं व्यापक स्वरूप ले चुका है। फोरम में समुदाय के नेताओं, नवोन्मेषकों और अन्य प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कम्युनिटी के लीडर्स, इनोवेटर्स और फ्रेंड्स, नमस्कार। बिजनेस फोरम में आप सभी का हार्दिक स्वागत है।” BRICS की 20वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने समूह के विस्तार पर कहा, “इस वर्ष हम BRICS के ट्वेंटी इयर्स मना रहे हैं। 2006 में जब इस समूह की शुरुआत हुई थी तो इसमें केवल चार देश थे। आज BRICS और BRICS पार्टनर्स मिलाकर ट्वेंटी-वन कंट्रीज का हमारा परिवार है।” प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS देशों की वैश्विक जनसंख्या, सकल घरेलू उत्पाद और व्यापार में हिस्सेदारी को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “आज BRICS के देश विश्व की फिफ्टी परसेंट पॉपुलेशन, फोर्टी परसेंट जीडीपी और ट्वेंटी-फाइव परसेंट से अधिक ट्रेड को रिप्रेजेंट करते हैं।” प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन में BRICS के विस्तार और वैश्विक अर्थव्यवस्था में उसकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी पर जोर रहा। चार देशों से शुरू हुआ यह समूह आज 21 देशों के परिवार तक पहुंच चुका है, जो पिछले दो दशकों में इसके बढ़ते दायरे और वैश्विक महत्व को दर्शाता है।