आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तीन की मौत

By Tatkaal Khabar / 26-09-2026 08:58:30 am | 134 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 26 सितंबर 2026 आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डौकी के बाजिदपुर के पास एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी दिल्ली से बलिया जा रहे थे। इसी दौरान बाजिदपुर के पास दिल्ली नंबर की क्रेटा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों की पहचान जयप्रकाश, भूपेंद्र और कपिल के रूप में हुई है। वहीं, कार चालक जसवंत और चंद्रकांत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलटी।