INDIA ब्लॉक से मुलाकात पर CJI सूर्यकांत का दोटूक जवाब, बोले- सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सबके लिए खुले
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर 2026 INDIA ब्लॉक के नेताओं की मुलाकात की मांग और विरोध मार्च के बीच भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि मुलाकात के अनुरोध से संबंधित पत्र का जवाब वह पहले ही दे चुके हैं और कुछ कारणों के चलते मिलने में असमर्थता जताई है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट में हर भारतीय नागरिक को अपनी बात रखने और कानून के तहत न्याय पाने का अधिकार है। CJI सूर्यकांत ने बताया कि उन्हें मुलाकात के अनुरोध से संबंधित पत्र मिला था, जिसका जवाब उन्होंने उसी रात भेज दिया। उन्होंने कहा कि पत्र मिलने के बाद उन्होंने कुछ कारणों का उल्लेख करते हुए मिलने में असमर्थता व्यक्त की। जब पत्रकारों ने उनसे इन कारणों के बारे में पूछा, तो उन्होंने पत्र की गोपनीयता बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा, “देखिए मैं आपसे रिक्वेस्ट करूंगा कि उस लेटर की कंटेंट साहब उनसे पूछिए, मैंने उसकी कॉन्फिडेंशियलिटी मेंटेन की है।” INDIA ब्लॉक के प्रतिनिधियों और विरोध प्रदर्शन के संदर्भ में अपनी बात रखने के तरीके को लेकर पूछे गए सवाल पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिक हो या किसी निर्वाचित निकाय का सदस्य, प्रत्येक भारतीय को अदालत का रुख करने और अपनी समस्या रखने का अधिकार है। CJI सूर्यकांत ने कहा, “देखिए सुप्रीम कोर्ट के द्वार सबके लिए खुले हैं, कोई भी पेटिशन किसी भी, कोई भी चाहे वो आम नागरिक है या कोई माननीय सदस्य है किसी इलेक्टेड बॉडी का कोई भी है, भारत का हर नागरिक का उसका अधिकार है वो हमारे पास आए, हम कानून की व्यवस्था को और कानून के अनुरूप जो उनकी समस्या है उसका हम अपनी तरफ से उसकी सुनवाई करेंगे और जिसको जो बनता है उसको जरूर उसका अधिकार देंगे।” उन्होंने दोहराया कि अदालत कानून के अनुरूप लोगों की समस्याओं पर सुनवाई करेगी और प्रत्येक व्यक्ति को उसके कानूनी अधिकार दिलाने की दिशा में काम करेगी। CJI का यह बयान INDIA ब्लॉक के नेताओं की मुलाकात की मांग और विरोध मार्च के बीच आया है।