अमित शाह बोले- देश के लिए जोखिम लेने से पीछे नहीं हटे मोदी, फैसलों से आगे बढ़ा राष्ट्र
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2026 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेतृत्व और राष्ट्रहित के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेता ऐसा होना चाहिए, जिसके लिए देश सबसे ऊपर हो और राष्ट्र के अलावा कुछ भी प्राथमिकता न रखता हो। उन्होंने कहा कि मोदी ने कई ऐसे निर्णय लिए, जिनके गलत साबित होने पर उन्हें राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता था, लेकिन उन्होंने देश के हित को ध्यान में रखकर फैसले किए। अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के फैसलों की चर्चा करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, नोटबंदी, जीएसटी और अनुच्छेद 370 को हटाने जैसे कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि निर्णय राष्ट्र प्रथम की भावना और सिद्धांत के आधार पर लिए जाने चाहिए। उनके मुताबिक, फैसले लेते समय इस बात की चिंता नहीं होनी चाहिए कि व्यक्तिगत रूप से क्या नुकसान होगा या जनता उन्हें स्वीकार करेगी या नहीं। अमित शाह ने कहा कि किसी फैसले के विरोध या असफलता की स्थिति में अधिकतम यही होगा कि प्रधानमंत्री बदल जाएगा, लेकिन अगर फैसला सफल रहा तो देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने साहस और राष्ट्रहित के बीच संबंध का जिक्र करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा भी साहसी लोगों के साथ रहती है और देश की प्रगति के लिए जोखिम उठाने का साहस जरूरी है।