पौड़ी में विधायक राजकुमार पोरी का ग्रामीणों ने किया विरोध, गाड़ी में तोड़फोड़

By Tatkaal Khabar / 04-11-2026 10:23:42 am | 24 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 04 नवंबर 2026 उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार के हमले में चार वर्षीय बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। खांड्यूसैंण में आक्रोशित लोगों ने भाजपा विधायक राजकुमार पोरी का घेराव कर उनके वाहन में तोड़फोड़ की। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि विधायक को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना बीती रात पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर खांड्यूसैंण की है। गुलदार ने चार वर्षीय मासूम आरुषि को अपना शिकार बना लिया था। बच्ची की मौत से नाराज ग्रामीणों ने विधायक राजकुमार पोरी के पहुंचने पर विरोध जताया। इस दौरान कुछ महिलाएं विधायक की गाड़ी पर चढ़ गईं और गुस्साई भीड़ ने वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते हुए कह रहे थे, "भाजपा विधायक चोर है।" विरोध के बीच विधायक राजकुमार पोरी काफी देर तक ग्रामीणों की भीड़ में घिरे रहे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने तीन बार जिलाधिकारी और एक बार वन मंत्री को फोन किया, लेकिन दोनों में से किसी ने भी उनका फोन नहीं उठाया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और किसी तरह विधायक को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस क्षेत्र में वन्यजीवों के हमलों में अब तक 15 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों ने पहले इस समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। चार वर्षीय आरुषि की मौत के बाद लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। विधायक के घटनास्थल पर पहुंचने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और ग्रामीणों में वन्यजीवों के हमलों से सुरक्षा तथा प्रभावी कार्रवाई को लेकर नाराजगी बनी हुई है।