झारखंड से लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका राहुल गांधी ने

By Tatkaal Khabar / 02-03-2019 03:41:25 am | 10834 Views | 0 Comments
#

रांची: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने  राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान से झारखंड में लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। प्रदेश कांग्रेस की ओर आयोजित परिवर्तन उलगुलान रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, केंद्र की सत्ता से भाजपा को हटाएगी।

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार किसानों, आदिवासियों, मजदूरों के हक को मारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार ने 2013 में किसानों की जमीन की रक्षा के लिए भूमि अधिग्रहण कानून बनाया था। जल, जंगल और जमीन आपकी है, उद्योगपतियों की नहीं। जबतक 80 फीसदी लोगों की सहमति नहीं हो तबतक आदिवासी, किसानों से पूछे बिना उनकी जमीन कोई नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि कानून में प्रावधान है कि जमीन लेने के लिए कीमत से चार गुना ज्यादा रुपये चुकाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राज्य सरकारों से कानून बदलने को कहा।

 
राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में चुनाव के दौरान कांग्रेस ने जो वादा किया था, उसे पूरा करते हुए दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया। भूमि अधिग्रहण कानून के तहत पांच वर्षों तक उद्योग नहीं लगने पर किसानों को उनकी जमीन वापस करनी होगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मेक इन इंडिया का नारा देते हैं लेकिन जहां देखो मेड इन चाइना दिखता है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा बेरोजगारी झारखंड में है। कांग्रेस पार्टी जो कहती है, वह करती है। 2019 में चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस मिनिमम इनकम गारंटी स्कीम लायेगी। कांग्रेस गरीब, ईमानदार लोगों के एकाउंट में पैसा जमा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मनरेगा, भोजन का अधिकार, मिनिमम इनकम गारंटी, हरित क्रांति सहित जिन योजनाओं की घोषणा की, उसे लागू करके दिखाया। 

उन्होंने सवाल किया कि नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पांच सालों में देश को क्या दिया। यह जवाब जनता के पास है। उन्होंने कहा कि झारखंड में सिर्फ कांग्रेस पार्टी चुनाव नहीं लड़ रही है बल्कि पूरा विपक्ष एकसाथ खड़ा है।