प्रयागराज में PM मोदी, बोले न जात पर न नाम पर बटन दबेगा कमल के निशान पर

By Tatkaal Khabar / 09-05-2019 03:08:16 am | 12241 Views | 0 Comments
#

प्रयागराज। दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है और इसी रास्ते के सहारे पिछली बार 80 में से 73 सीट जीतकर भाजपा ने इतिहास रचा था। इस बार भी यूपी विजय के सहारे दिल्ली को अजेय बनाने की कवायद में लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूपी में आजमगढ़ और जौनपुर के बाद प्रयागराज में भी जनसभा को संबोधित किया। प्रयागराज (इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र) से भाजपा की प्रत्याशी व प्रदेश की कैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के साथ फूलपुर से प्रत्याशी केशरी देवी पटेल के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज के परेड मैदान में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए विरोधियों को जमकर निशाने पर लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आज आपका आशीर्वाद तो लेने आया ही हूं, साथ ही उन युवा साथियों को शुभकामनाएं देने भी आया हूं जो आने वाले दिनों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले हैं। ये पहला अवसर है जब सामान्य श्रेणी के गरीब युवाओं को 10 फीसद आरक्षण का लाभ मिलने वाला है। आपको वोट करना है, पुरानी राजनीतिक सोच को बदलने के लिए। आपको वोट करना है, चौथी औद्योगिक क्रांति में भारत की भूमिका सुनिश्चित करने के लिए। आपको वोट करना है, दिल्ली में एक निर्णय लेने वाली नेक और मजबूत सरकार के लिए।