कश्मीर में लगातार बारिश और भारी बर्फबारी

By Tatkaal Khabar / 13-12-2019 03:10:37 am | 14472 Views | 0 Comments
#

कश्मीर घाटी में शुक्रवार को हुई बर्फबारी से राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है, इसके साथ ही स्थानीय लोगों को भी आवागमन में बाधा का सामना करना पड़ रहा है। इस सीजन की यह तीसरी बर्फबारी है। जम्मू एवं कश्मीर के मैदानी इलाकों में जहां मध्यम बर्फबारी हुई, वहीं ऊंची जगहों पर भारी बर्फबारी देखी गई।

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के द्रास और कारगिल में भी भारी बर्फबारी हुई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को और भी बर्फबारी हो सकती है। कश्मीर के मौसम विज्ञान विभाग (मेट) की निदेशक सोनम लोटस ने आईएएनएस से कहा कि आज देर दोपहर तक बर्फबारी होगी। शनिवार से मौसम में सुधार देखा जा सकेगा।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के जवाहर टनल पर भी बर्फबारी हो रही है। लगातार बारिश और बर्फबारी से हुए भूस्खलन और पत्थरों के गिरने के कारण राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। गुरुवार शाम से ही रास्ते पर परिवहन व्यवस्था रोक दी गई।