राहुल ने NPR को बताया गरीब पर टैक्स

By Tatkaal Khabar / 27-12-2019 02:43:46 am | 15369 Views | 0 Comments
#

नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ हमलावर रुख अपनाया हुआ है। कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। हालांकि भाजपा भी स्थिति को साफ करते हुए उन पर लगातार पलटवार कर रही है।

नैशनल पॉपुलेशन रजिस्टर ( NPR ) और नैशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजंस ( NRC ) को देश के गरीबों पर टैक्स बताने संबंधी राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने राहुल को साल 2019 का सबसे बड़ा झूठा बताते हुए कहा कि टैक्स और करप्शन तो कांग्रेस का कल्चर है।
जावडेकर ने कहा कि कांग्रेस हर उस चीज का विरोध करती है, जिससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगती है। उन्होंने कहा, 'भ्रष्टाचार कांग्रेस की राजनीति का एक मात्र आधार है। इसलिए जिन-जिन चीजों से भ्रष्टाचार पर लगाम लगती है या जिनसे भ्रष्टाचार खत्म होती है तो उनका कांग्रेस विरोध करती है। एनपीआर से क्या होता है? इससे गरीब की पहचान होती है। 2010 में बने एनपीआर के डेटा के आधार पर तमाम राज्यों ने अपने यहां लाभार्थियों का चयन किया। अब वही 2020 में हो रहा है। लेटेस्ट स्थिति आएगी सामने। लाभार्थियों की पहचान में एनपीआर का बहुत बड़ा योगदान होता है। आधार की वजह से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर शुरू हुआ। सैकड़ों योजनाओं के 9 लाख करोड़ रुपये लोगों के खाते में सीधे जमा हो गए।'