अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जायेंगे डोकलाम

By Tatkaal Khabar / 30-04-2018 03:34:20 am | 10934 Views | 0 Comments
#

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अब डोकलाम भी जाएंगे। दरअसल, राहुल उस संसदीय समिति में शामिल होंगे जो सिक्किम अरुणाचल में चीन-सीमा का जायजा लेगी। 

शशि थरूर की अध्यक्षता वाली विदेश मामलों की संसदीय समिति चीन से लगे सीमावर्ती इलाकों का दौरा करेगी। राहुल भी इस समिति में शामिल होंगे। समिति के सदस्य डोकलाम संकट के बाद के हालात का जायजा लेंगे। वे इस दौरान इलाके में तैनात सेना के अधिकारियों से भी जमीनी हकीकत का पता करेंगे। यह दौरा मई माह में हो सकता है।

गौरतलब है कि पिछले साल भारत और चीन के सैनिक डोकलाम में 73 दिनों तक आमने-सामने थे। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चीन दौरे के समय भी कांग्रेस ने डोकलाम पर सरकार के अस्पष्ट एजेंडे को लेकर केंद्र पर निशाना साधा था। इस अहम दौरे के लिए समिति डोकलाम में भारत-चीन सैन्य गतिरोध के तमाम पहलुओं पर गौर कर रही है।