श्री कल्याण सिंह जी उत्तर प्रदेश ही नहीं , बल्कि भारतीय राजनीति की वह क़द्दावर हस्ती थे:राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता रहे श्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि वह भारतीय राजनीति की कद्दावर हस्ती थे।
श्री सिंह ने शनिवार को सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए कहा, “ श्री कल्याण सिंह जी उत्तर प्रदेश ही नहीं , बल्कि भारतीय राजनीति की वह क़द्दावर हस्ती थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व से देश और समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी। उनका लम्बा राजनीतिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा में समर्पित रहा। वे उत्तर प्रदेश के अत्यंत लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में जाने गए।”
श्री कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति!
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, “ जनसंघ के समय से ही उन्होंने भाजपा को मज़बूत बनाने और समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने के लिए कड़ी मेहनत की। श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में भी उनकी महती भूमिका के लिए उन्हें यह देश हमेशा याद रखेगा। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है और मेरे लिए तो यह बहुत ही पीड़ादायक क्षण है।”