मुंबई में थमी कोरोना की रफ्तार, लगातार दूसरे दिन मिले 10 हजार से कम नए केस

By Tatkaal Khabar / 17-01-2022 03:19:23 am | 14392 Views | 0 Comments
#

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना वायरस के नए मामलों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। शहर में सोमवार को कोरोना वायरस 5956 नए केस सामने आए। वहीं, 12 और लोगों की मौत हुई है। नए केसों के गिरावट के साथ ही शहर में एक्टिव केसों की संख्या 50,757 पर आ गई है।


आज दूसरा दिन है जब मुंबई में कोरोना वायरस के नए मामले 10 हजार से कम आए हैं। रविवार को शहर में 7895 नए केस मिले थे। चार जनवरी को शहर में 10,860 कोविड-19 के नए मामले दर्ज किए गए थे, जबकि छह से आठ जनवरी के बीच कोरोना वायरस के दैनिक संक्रमितों की संख्या 20 हजार के ऊपर रही। लेकिन इसके बाद से प्रतिदिन के नए मामले कम होने लगे थे।


म्युनिसिपल कॉरपोरेशन ग्रेटर मुंबई के स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक शहर में सोमवार को जितने नए मामले सामने आए उसमें 4994 में कोई लक्षण नहीं दिखे। जबकि 479 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, राहत की बात रही कि पिछले 24 घंटे में 15561 मरीज ठीक भी हुए।