सुरक्षा एजेंसियों ने किया बड़ी साजिश का भंडाफोड़, बंगाल और तमिलनाडु से 8 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

By Tatkaal Khabar / 22-02-2026 01:07:29 am | 157 Views | 0 Comments
#

नयी दिल्ली :  सुरक्षा एजेंसियों ने देश को दहलाने की बड़ी साजिश का भंडाफोड़ कर दिया. जिसके तहत पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु से 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. इन आतंकियों के तार पाकिस्तान और बांग्लादेश से जुड़े हुए हैं. इनमें से दो आतंकवादियों को पश्चिम बंगाल तो 6 आतंकियों को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया गया है. सुरक्षा बलों ने इन आतंकियों को राजधानी दिल्ली में जारी आतंकी हमले के अलर्ट के बीच गिरफ्तार किया है.

बताया जा रहा है कि ये आठों संदिग्ध आतंकी किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे. गिरफ्तार किए गए संदिग्ध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों के इशारे पर काम कर रहे थे.

बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकियों की गिरफ्तारी के लिए एक ऑपरेशन चलाया. इस दौरान 6 संदिग्धों को तमिलनाडु तो दो को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया. अब पुलिस इन आतंकियों को दिल्ली लेकर आ रही है. इन संदिग्धों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं. जिनके पास से 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार किए गए संदिग्धों के नाम मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल बताए गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, ये संदिग्ध फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करते थे. पुलिस ने दो संदिग्धों को पश्चिम बंगाल से भी गिरफ्तार किया है. इनमें से एक बांग्लादेशी नागरिक बताया जा रहा है. बता दें कि इस आतंकी मॉड्यूल ने 8 फरवरी को राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों और मेट्रो में भड़काऊ पोस्टर लगाए थे. इन पोस्टर्स में कश्मीर से जुड़ी बातें लिखी गई थीं. जिसमें कश्मीर को फ्री करने का जिक्र किया गया था.