कांग्रेस 10 सितंबर को करेगी पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के खिलाफ'भारत बंद'
कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ आगामी 10 सितंबर को 'भारत बंद' आहूत किया है पार्टी ने अन्य विपक्षी दलों, सामाजिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे 'भारत बंद' का समर्थन करें। कांग्रेस का कहना है कि उसकी ओर से आहूत 'भारत बंद' सुबह नौ बजे से दिन में तीन बजे तक होगा ताकि आम जनता को दिक्कत नहीं हो।पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने संवाददाताओं से कहा, 'आज देश का कोई वर्ग खुश नहीं है। मंहगाई की मार ने सबकी कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम से सब परेशान हैं। हिंसा का माहौल भी है। हर कोई परेशान है।' उन्होंने कहा, 'आज की बैठक में यह तय किया कि 10 सितंबर को भारत बंद होगा। यह सुबह नौ बजे से दिन में तीन बजे तक होगा ताकि जनता को दिक्कत नहीं हो। इसमें दूसरे विपक्षी दल भी साथ होंगे।'
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में पेट्रोल-डीजल पर कर के जरिए 11 लाख रुपये की 'लूट' की है। उन्होंने कहा कि 'भारत बंद' का आह्वान किया गया ताकि सरकार पर पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने और इन दोनों पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाने के लिए दबाव बनाया जा सके।