नॉएडा श्रमिक आंदोलन : नोएडा श्रमिक आंदोलन हिंसा का मास्टरमाइंड आदित्य आनंद को पुलिस ने तमिलनाडु से धर दबोचा

By Tatkaal Khabar / 18-04-2026 01:11:04 am | 105 Views | 0 Comments
#

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में श्रमिक आंदोलन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) तीसरे आरोपी आदित्य आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक लाख रूपये का इनाम घोषित था और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। 

शनिवार को पुलिस ने यह जानकारी दी कि, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में की गई। जांच में सामने आया था कि श्रमिक धरना-प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ गतिविधियों और हिंसा को अंजाम देने में आदित्य आनंद की अहम भूमिका थी। उसे इस पूरे प्रकरण का मुख्य मास्टरमाइंड माना गया। 

घटना के संबंध में नोएडा फेस दो थाना में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उसकी तलाश में कई राज्यों में दबिश दी। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साधनों का भी सहारा लिया गया। पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब शनिवार को आरोपी को तमिलनाडु के तिरुचापल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। 

इससे पहले गौतमबुद्धनगर माननीय न्यायालय, द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्लू) भी जारी किया गया था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से श्रमिक आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है और अन्य संलिप्त आरोपियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।