यूपी में EV चार्जिंग पर 20% बिजली बिल छूट
लखनऊ, 4 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और सौर ऊर्जा के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल में 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को गति मिलेगी, ईवी अपनाने की रफ्तार बढ़ेगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। राज्य के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार चाहती है कि दिन के समय सूरज से जो सस्ती बिजली बनती है, उसका लोग ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाएं. इस छूट से राज्य में गाड़ियों को चार्ज करने की व्यवस्था मजबूत होगी और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देखरेख में यूपी बिजली के मामले में लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि सरकार ने लगातार सातवें साल भी बिजली की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। आम जनता, किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पुरानी दरें ही लागू रहेंगी। उन्होंने दावा किया कि यूपी आज देश के उन राज्यों में शामिल है जहां सबसे सस्ती बिजली और सबसे अच्छी सप्लाई मिल रही है। अभी हाल ही में राज्य ने इतिहास में सबसे ज्यादा 32,673 मेगावाट बिजली की मांग को बिना किसी रुकावट के पूरा करके एक नया रिकॉर्ड बनाया है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि पहले की सरकारों के समय राज्य में सरकारी संयंत्रों से सिर्फ 5,180 मेगावाट बिजली बनती थी। लेकिन आज के समय में यूपी सिर्फ धूप (सौर ऊर्जा) से ही इससे कहीं ज्यादा बिजली बनाने की तैयारी में है। इस समय राज्य में 4,000 मेगावाट की क्षमता वाले सोलर पार्क बनाए जा रहे हैं। साथ ही, 'प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना' के तहत 2,500 मेगावाट बिजली तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। धूप से बिजली बनाने के अलावा मिर्जापुर और मेजा जैसी जगहों पर नए कोयला आधारित बिजलीघरों (तापीय परियोजनाओं) पर भी तेजी से काम चल रहा है। सरकार ने पुराने बिजलीघरों की हालत में भी बड़ा सुधार किया है। पहले जो बिजलीघर अपनी क्षमता का केवल 65 परसेंट काम कर पाते थे, अब वे सुधार के बाद लगभग 85 परसेंट की रफ्तार से बिजली बना रहे हैं। ऊर्जा क्षेत्र में चल रही नई परियोजनाओं और उत्पादन क्षमता में हो रहे विस्तार को सरकार भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए अहम मान रही है। ऊर्जा मंत्री ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बहुत जल्द बिजली के मामले में पूरी तरह आत्मनिर्भर हो जाएगा और आने वाले समय में पूरे देश के लिए एक मिसाल बनेगा।