दिल्ली में CJP प्रदर्शन के बीच 16 मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

By Tatkaal Khabar / 22-07-2026 12:22:36 pm | 3160 Views | 0 Comments
#

दिल्ली में Cockroach Janta Party (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बुधवार को करीब 11:30 बजे कई लाइनों के स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने की जानकारी दी। इस फैसले के बाद राजधानी के कई हिस्सों में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और स्टेशनों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं।बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रखी गई।CJP का प्रदर्शन कथित NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को CJP समर्थकों के संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।मेट्रो स्टेशनों के बंद होने से कई यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े। कुछ स्टेशनों पर पुलिस की तैनाती और बैरिकेडिंग के कारण लोगों को प्रवेश और निकास में दिक्कत हुई। DMRC ने स्टेशनों को दोबारा खोलने के संबंध में कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई है।