करोड़ों नौकरियां कहाँ हैं?” अखिलेश यादव ने सरकार पर दागे सवाल

By Tatkaal Khabar / 31-08-2026 12:18:50 pm | 66 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 31 अगस्त 2026 उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए रोजगार, महंगाई और सरकारी संपत्तियों की बिक्री जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। अपने बयान में उन्होंने सरकार के दावों को चुनौती देते हुए अधिकारियों की भूमिका पर भी निशाना साधा और मौजूदा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने सबसे पहले सोशल मीडिया हैंडल चलाने वालों पर कटाक्ष करते हुए कहा, “ये जो handle जो चलाने वाले लोग हैं बहुत पैसा ले रहे होंगे और देखो हमारा free चला कितना बढ़िया चला।” इसके बाद उन्होंने रोजगार के मुद्दे को उठाते हुए सरकार से पूछा कि करोड़ों नौकरियां देने का जो वादा किया गया था, वे नौकरियां आखिर कहाँ हैं। उन्होंने महंगाई के साथ डीजल, पेट्रोल और चीनी की बढ़ती कीमतों पर भी सवाल खड़े किए। सपा प्रमुख ने सरकार के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संपत्ति बेचने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जब कोई समाजवादी नेता नहीं था, तब जेपी की तस्वीर लगाई गई और समाजवादी विचारधारा से जुड़ने की बात की गई। इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि संपत्ति को बेहद कम कीमत पर बेच दिया गया। अखिलेश यादव के मुताबिक, जिस रकम में यह बिक्री हुई, उतना पैसा कोई उद्योगपति केवल पार्किंग से कमा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी पूरी गणना तक नहीं की गई है और यह जगह दो फाइव स्टार होटलों के बीच स्थित है। अखिलेश यादव ने संपत्ति की बिक्री और सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मैं आपसे कहना चाहता हूँ, पूरा पॉलिटिकल उत्तर प्रदेश का इतिहास उठा लें, इतनी करप्ट सरकार कभी नहीं आई होगी उत्तर प्रदेश में जो इस समय करप्ट सरकार है।” अखिलेश यादव के इस बयान ने उत्तर प्रदेश की सियासत में रोजगार, महंगाई, सरकारी संपत्तियों की बिक्री और भ्रष्टाचार के मुद्दों को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है। उनके सवालों के जरिए सरकार की नीतियों और फैसलों पर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।