योगी बोले- ‘उपद्रवग्रस्त यूपी को उत्सवपूर्ण प्रदेश में बदला’
नई दिल्ली, सितंबर 20, 2026 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए पुराने दौर के दंगों और लंबे कर्फ्यू की स्थिति को याद किया। उन्होंने कहा कि कभी बरेली, अलीगढ़, मेरठ और मुजफ्फरनगर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार दंगे होते थे और महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। मुख्यमंत्री ने कहा, “हर दूसरे दिन तो दंगे होते थे। महीनों-महीनों कर्फ्यू रहता था। कोई एक जगह थोड़े... क्या बरेली क्या अलीगढ़ क्या मेरठ। मुजफ्फरनगर में तो 6 महीने तक लगातार दंगे चलते रहे। से शुरू होता है दंगों की शुरुआत और प्रदेश का कोई कस्बा, कोई जनपद, कोई गांव ऐसा नहीं था जहां दंगे न हुए हो।” योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उस समय माफिया का प्रभाव आम नागरिकों और व्यापारियों के साथ-साथ प्रशासन, पुलिस और न्यायपालिका से जुड़े लोगों के लिए भी चुनौती बना हुआ था। उन्होंने कहा, “सामान्य नागरिक और व्यापारी की बात छोड़िए, प्रशासन में बैठे हुए अधिकारी हो या पुलिस अधिकारी हो या ज्यूडिशियरी से जुड़े हुए महानुभावों के लिए माफिया एक चुनौती थी। माफिया का काफिला जा रहा है तो ज्यूडिशियरी से जुड़े हुए अधिकारियों के भी वाहन को रोक दिया जाता था। पहले माफिया जाएगा।” मुख्यमंत्री ने मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रदेश में कोई माफिया खुलेआम हथियार लहराते हुए उपद्रव नहीं कर सकता। उन्होंने सवाल किया, “आज क्या कोई माफिया असला लहराते हुए उपद्रव करते हुए खुली जीप में जा करके यूपी के अंदर कहीं हरकत कर पाएगा? आज क्या उत्सव के पहले कोई उपद्रव करने का दुस्साहस करेगा? आज दंगों की वो श्रृंखला कोई उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में करने का दुस्साहस कर पाएगा?” योगी ने प्रदेश की बदली हुई छवि में उत्तर प्रदेश पुलिस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “और हर व्यक्ति विश्वास के साथ कह सकता है कि आज यूपी के इस ओवरऑल परसेप्शन में जो बदलाव आया है, इस बदलाव में एक बड़ी भूमिका यूपी पुलिस की है और यूपी पुलिस ने वह करके दिखाया है जो कभी यूपी के अंदर नहीं हुआ था और आज उसी का परिणाम हम सबके सामने देखने को मिल रहा है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बदलाव के लिए इच्छाशक्ति जरूरी होती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की पहचान को उपद्रव और कर्फ्यू से जोड़कर देखने के बजाय उसे उत्सवपूर्ण प्रदेश के रूप में बदला गया है। योगी ने कहा, “करने की इच्छाशक्ति होनी चाहिए। हमने उपद्रवग्रस्त प्रदेश को उसकी सही पहचान उत्सवपूर्ण प्रदेश के रूप में बदला है। कर्फ्यू-मुक्त और माफिया-मुक्त प्रदेश के रूप में उत्तर प्रदेश की छवि को प्रस्तुत किया है।”