हापुड़ में पुलिस से उलझे सपा सांसद, बोले- “क्या करोगे तुम, लिमिट में रहो”
नई दिल्ली, 24 सितंबर 2026 हापुड़ के बदनौली गांव में दीपक की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में है। पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने गांव में जाने से रोक दिया। इसी दौरान मौके पर सांसद और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। पुलिस की ओर से बैरियर लगाकर सुमन को आगे जाने से रोका गया। इसी बात को लेकर सांसद की मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी से बहस हो गई। बातचीत के दौरान रामजीलाल सुमन ने कहा, “क्या करोगे तुम, लिमिट में रहो.” पुलिस अधिकारियों ने उन्हें स्थिति समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक मौके पर गहमागहमी बनी रही। गांव के भीतर जाने की अनुमति नहीं मिलने के बाद मृतक दीपक के परिजनों को बाहर बुलाया गया। इसके बाद रामजीलाल सुमन ने वहीं परिवार से मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और पार्टी की ओर से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई। बदनौली में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान पथराव और फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें दीपक समेत कई लोग घायल हुए थे। बाद में इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई थी। दीपक की मौत के बाद राजनीतिक नेताओं का पीड़ित परिवार से संपर्क और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था के बीच अब सपा सांसद को रोके जाने की घटना ने मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है। गांव में प्रवेश को लेकर हुई बहस का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस और सपा नेता के बीच हुई बातचीत चर्चा का विषय बनी हुई है।