गंगोत्री की ऊंची चोटियों से 32 लोगों का रेस्क्यू, डीएम प्रशांत आर्य ने साझा की जानकारी
देहरादून, 28 सितंबर 2026 उत्तरकाशी के गंगोत्री क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर अचानक मौसम खराब होने और भारी बर्फबारी के कारण ट्रैकिंग और एक्सपेडिशन पर निकले कई लोगों की आवाजाही रुक गई। हालात ऐसे बने कि वे न तो नीचे लौट पा रहे थे और न ही आगे बढ़ सकते थे। मौसम साफ होने के बाद प्रशासन ने हेली ऑपरेशन चलाकर अलग-अलग स्थानों से कुल 32 लोगों को सुरक्षित निकाला। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि हालात पर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और आपदा प्रबंधन की टीम लगातार नजर बनाए हुए थी। प्रशासन की ओर से भी स्थिति से जुड़ी जानकारी लगातार साझा की जा रही थी। मौसम में सुधार के बाद करीब 4,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित ऑडन कोल पास में हेली ऑपरेशन चलाया गया, जहां से 29 लोगों को सुरक्षित नीचे लाया गया। डीएम प्रशांत आर्य के मुताबिक, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में करीब 5 से 7 फीट तक बर्फ गिरने की जानकारी मिली है। इस मौसम में इतनी बर्फबारी सामान्य तौर पर नहीं होती। अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण क्षेत्र के कई ट्रैक प्रभावित हुए और वहां मौजूद समूहों के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो गया। करीब 5,400 मीटर की ऊंचाई वाले कालिंदी ट्रैक से भी तीन लोगों को रेस्क्यू किया गया। बचाए गए लोगों को हर्षिल लाया जा रहा है, जहां प्रशासन ने बेस कैंप बनाया है। डीएम ने बताया कि स्थिति सामान्य है। बदलते मौसम को देखते हुए ITBP, NDRF, SDRF के साथ वन विभाग और नेशनल पार्क की पैदल टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फ जमा होने के कारण प्रशासन फिलहाल मौसम और ट्रैकिंग रूट की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित बचाव टीमों को तैयार रखा गया है, जबकि हर्षिल से रेस्क्यू अभियान का समन्वय किया जा रहा है।