दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से किया इनकार

By Tatkaal Khabar / 09-10-2026 11:51:40 am | 34 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 09 अक्टूबर 2026 दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) की जवाबदेही को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस के अनुसार, निर्धारित समय-सीमा से काफी कम समय पहले सूचना दिए जाने, तय प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने और सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन से जुड़ी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। दिल्ली पुलिस की प्रेस ब्रीफिंग के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली जिले में कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक सौरभ दास का एक आवेदन प्राप्त हुआ था। इसमें 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त की जवाबदेही को लेकर प्रदर्शन करने की जानकारी दी गई थी। पुलिस ने आवेदन की समीक्षा के बाद पाया कि प्रदर्शन के संबंध में बहुत कम समय पहले सूचना दी गई थी। पुलिस ने बताया कि वर्तमान दिशा-निर्देशों के अनुसार, जंतर-मंतर पर किसी कार्यक्रम के आयोजन के लिए निर्धारित तारीख से कम से कम 10 दिन पहले आवेदन प्रस्तुत करना आवश्यक है। निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं किए जाने को अनुमति न देने का एक प्रमुख आधार बताया गया। प्रेस ब्रीफिंग में पुलिस ने पार्टी के पूर्व आचरण का भी उल्लेख किया। पुलिस के मुताबिक, पहले एक अन्य अवसर पर पार्टी की ओर से दिए गए आश्वासनों और अधिकारियों के वैधानिक निर्देशों का पालन नहीं किया गया था। इस पहलू को भी वर्तमान आवेदन पर विचार करते समय ध्यान में रखा गया। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने, पहले जारी कानूनी निर्देशों की अनदेखी और सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा यातायात नियमन से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई। इस निर्णय के साथ 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के आयोजन पर रोक लग गई है।