पीलीभीत में रामलीला के हिसाब पर खूनी संघर्ष, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत

By Tatkaal Khabar / 13-10-2026 10:38:19 am | 67 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर 2026 उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला मेले के पुराने हिसाब-किताब को लेकर हुआ विवाद तीन लोगों की जान ले गया। सोमवार देर रात कमेटी की बैठक के दौरान शुरू हुई कहासुनी के बाद गोलीबारी हुई, जिसमें दो सगे भाइयों अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता के साथ 15 वर्षीय कुणाल श्रीवास्तव की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे रामलीला कमेटी की बैठक में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि मृतक पक्ष मेले की कमेटी में अध्यक्ष पद पर है और सोमवार को पुराने हिसाब का ब्योरा देना था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान लाइसेंसी राइफल और अन्य हथियारों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से अंकित गुप्ता और कुणाल श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सुकीर्ति माधव सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध हथियार और डंडे बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर विवाद सामने आया है। हालांकि, गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका थी, इसकी पड़ताल जारी है। घटना के बाद एहतियातन इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है।