एसएसआर पर अखिलेश यादव का आरोप, आरएसएस से जोड़कर साधा निशाना
लखनऊ, 16 अक्टूबर 2026 समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एसएसआर की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए इसे कथित राजनीतिक साजिश से जोड़ा है। उन्होंने एसएसआर को उल्टा पढ़कर आरएसएस का जिक्र किया और आरोप लगाया कि सीधे मुकाबले में चुनौती का सामना करने के बजाय चुनाव आयोग के माध्यम से साजिश रचने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश ने साथ ही स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता और पीडीए प्रहरी इस कथित साजिश को सफल नहीं होने देंगे। अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा, “तो हमने अपने अखबारों में पढ़ा होगा उन्होंने फैसला ले लिया है कि एसएसआर कराने जा रहे हैं। अगर एसएसआर को उल्टा कर दें तो क्या होगा?” इसके बाद उन्होंने एसएसआर और आरएसएस का जिक्र करते हुए आरोप लगाया, “जो एसएसआर कराने जा रहे हैं और इसका उल्टा आरएसएस। ये जो अनरजिस्टर्ड, अंडरग्राउंड, सुरंग में रहने वाले लोग, दरारवादी, नकारात्मक लोग, वो जानते हैं कि अब सीधा-सीधा मुकाबला नहीं हो सकता है। इसलिए अब इलेक्शन कमीशन के माध्यम से मिलकर के उससे इतनी बड़ी साजिश करने जा रहे हैं और लगातार उनकी साजिश चल रही है।” अपने बयान में अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों से इस कथित साजिश का हर स्तर पर विरोध करने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता किसी भी सूरत में इसे सफल नहीं होने देंगे। अखिलेश यादव ने कहा, “लेकिन हम पीडीए प्रहरी लोग और जितनी बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता नेता है, इनकी साजिश और षड्यंत्र को कामयाब नहीं होने देंगे। हर स्तर पे इनको रोकने का काम करेंगे।” अखिलेश यादव के इस बयान ने एसएसआर की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस को नया मोड़ दिया है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अपनी पार्टी की ओर से इसका विरोध जारी रखने का संकेत दिया है।