मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए ‘खेत बचाओ अभियान’ शुरू करेगी सरकार: शिवराज सिंह चौहान
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2026 केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेती में रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए किसानों से इनके संतुलित उपयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के लिए केंद्र सरकार राज्य सरकारों के सहयोग से ‘खेत बचाओ अभियान’ शुरू कर रही है। किसानों को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “किसान बहनों और भाइयों, केमिकल और फर्टिलाइजर के अत्यधिक और असंतुलित उपयोग के कारण हमारी मिट्टी का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। इसलिए जरूरी है कि हम अपनी मां को कष्ट से बचाएं और इसलिए रासायनिक खाद का, कीटनाशकों का संतुलित उपयोग करें, जैसा हेल्थ कार्ड में सिफारिश की जाती है।” मंत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत वैज्ञानिक किसानों के गांवों में जाकर उन्हें खाद और कीटनाशकों के सही अनुपात में इस्तेमाल की जानकारी देंगे। इसके अलावा, जैविक खेती के तरीकों पर चर्चा होगी और दलहन मिशन, तिलहन मिशन के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से आग्रह किया कि 22 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच उनके आसपास के गांवों में जब भी अभियान के तहत वैज्ञानिकों की टीम पहुंचे, वे संबंधित कार्यक्रम में जरूर शामिल हों। उन्होंने किसानों से इस पहल का लाभ उठाकर खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने की अपील की। ‘खेत बचाओ अभियान’ के जरिए मिट्टी के स्वास्थ्य की रक्षा करने और खेती में खाद व कीटनाशकों के विवेकपूर्ण इस्तेमाल को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से किसानों तक वैज्ञानिक सलाह पहुंचाने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा।