गाजियाबाद के होटल में भीषण आग, 18 लोगों का रेस्क्यू; बड़ा हादसा टला

By Tatkaal Khabar / 27-10-2026 03:58:11 am | 139 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2026 गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित साइट-4 इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार को बनाना ट्री होटल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। होटल की ऊपरी मंजिल पर लगी आग तेजी से फैलने लगी और परिसर में धुआं भर गया। इस दौरान होटल के 12 कमरों में फंसे करीब 18 लोगों की जान खतरे में पड़ गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों की तत्परता से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार, 27 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वैशाली अग्निशमन केंद्र के कंट्रोल रूम को होटल में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद वैशाली फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां रवाना की गईं, जबकि साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त वाहन भेजे गए। मौके पर पहुंचे मुख्य अग्निशमन अधिकारी और संबंधित फायर स्टेशनों के प्रभारी अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। दमकल कर्मियों ने पाया कि होटल के पिछले हिस्से की ऊपरी मंजिल पर आग लगी थी, जहां नवीनीकरण का काम चल रहा था। आग तेजी से फैलने के कारण तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, कोतवाली और साहिबाबाद फायर स्टेशनों से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। अग्निशमन कर्मियों ने होटल में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया और सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिल तक पानी पहुंचाया। एक टीम होटल में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी रही, जबकि दूसरी टीम ने आग को तीन तरफ से घेरकर बुझाने का प्रयास किया। कमरों में धुआं भरने से बचाव कार्य में परेशानी आई। धुएं की निकासी के लिए एग्जॉस्ट फैन लगाए गए और कमरों की कांच की खिड़कियां तोड़कर रास्ता बनाया गया। करीब नौ फायर टेंडर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग पर काबू पाया गया तथा उसे होटल के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक दिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के मुताबिक, नौ फायर टेंडर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। होटल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहा है। समय रहते चलाए गए बचाव अभियान के चलते होटल में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।