देहरादून चिड़ियाघर में अब दिखेगा सफेद बाघ ‘तेजस’, धामी ने किया बाड़े का उद्घाटन

By Tatkaal Khabar / 19-11-2026 12:34:05 pm | 412 Views | 0 Comments
#

देहरादून, 19 नवंबर 2026 देहरादून के मालसी चिड़ियाघर में पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया है। अब यहां आने वाले लोग सफेद बाघ ‘तेजस’ को भी करीब से देख सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को बाघ के नवनिर्मित बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के लिए खोल दिया। सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर की पहचान और आकर्षण दोनों बढ़ने की उम्मीद है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा हासिल कर रहे युवाओं को प्रकृति और वन्यजीवों से जोड़ने के उद्देश्य से कॉलेज विद्यार्थियों के लिए निशुल्क प्रवेश की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी जगह रखता है। हर साल करीब 8.50 लाख लोग यहां पहुंचते हैं और चिड़ियाघर से सात करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ ‘तेजस’ की मौजूदगी पर्यटकों के आकर्षण को और बढ़ाएगी। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दो अन्य प्रजातियों के बाघ लाए जा चुके हैं, जिन्हें देखने के लिए पर्यटकों में उत्सुकता रही है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां और पर्यावरणीय संवेदनशीलता इसे अन्य राज्यों से अलग बनाती हैं। प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों के बीच प्रदेश में विकास के साथ पर्यावरण का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन कायम रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रदेश की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता को अमूल्य प्राकृतिक विरासत बताते हुए उन्होंने इनके संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर की भूमिका को पर्यटन से आगे बढ़कर पर्यावरण शिक्षा और जागरूकता का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उनके मुताबिक, यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जंगलों की विविधता और प्राकृतिक पारिस्थितिकी को करीब से समझने का अवसर मिलता है। पहले बच्चों के लिए निशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अब इसी पहल का विस्तार करते हुए कॉलेज विद्यार्थियों को भी मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। इससे युवाओं को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने का मौका मिलेगा। साथ ही, नई पीढ़ी को विकास के साथ प्रकृति की रक्षा के प्रति भी जिम्मेदार बनाने में मदद मिलेगी।