12 साल के बच्चे की मौत पर रवि किशन ने सपा को घेरा, बोले- चुनावी जीत के नशे में इंसानियत भूल गए
लखनऊ, 19 नवंबर 2026 गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी सांसद रवि किशन ने 12 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला उठाकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ता ओमकार सिंह के परिवार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में जीत के नशे में चूर कुछ लोगों ने 12 साल के बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी जान चली गई। इस घटना का उल्लेख करते हुए रवि किशन ने इसे राजनीति का घिनौना चेहरा बताया और कहा कि चुनावी जीत के अहंकार में किसी की जिंदगी को इस तरह खत्म करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अपने संबोधन में रवि किशन ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का जिक्र करते हुए डकैती, छिनैती, हत्या और अपराध की घटनाओं को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि युवा शायद उस दौर की घटनाओं को भूल गए होंगे, लेकिन गोरखपुर की धरती पर हुई इस घटना ने एक बार फिर उन परिस्थितियों की याद दिला दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक सत्ता और चुनावी जीत के मद में कुछ लोग इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। रवि किशन ने आगे कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं और कुर्सी हमेशा किसी के पास नहीं रहती। उन्होंने लोगों को सत्ता के लालच में अमानवीय व्यवहार न करने की नसीहत देते हुए कहा, ''चुनाव तो आता है, जाता है, महाराज जी कहा ना, कुर्सियां यार... जानवर तुम मत बनो, एक वो गद्दी के लालच में।'' उन्होंने ओमकार सिंह के 12 वर्षीय बच्चे का जिक्र करते हुए कहा कि आज वह जीवित होता तो राजघाट पर होता।