पिकनिक से लौट रही स्कूल बस का भीषण हादसा, 4 मासूमों की मौत; 35 घायल
लखनऊ, 24 नवंबर 2026 उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। पिकनिक से लौट रही स्कूली बच्चों की बस पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार बच्चों की जान चली गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। हादसे के समय बस में करीब 50 बच्चे और छह शिक्षक मौजूद थे। यह दुर्घटना ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209वें किलोमीटर पर हुई। जानकारी के अनुसार, आगरा के एक स्कूल के बच्चों को पिकनिक के लिए कौशांबी ले जाया गया था। मंगलवार सुबह बस सभी बच्चों को लेकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर बस को रोका गया, तभी पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस घटनास्थल की जांच कर हादसे से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना पर एसपी विनोद कुमार ने बताया, "कौशाम्बी से लगभग 50 छात्रों और स्टाफ को लेकर आ रही एक स्कूल बस मथुरा से लौट रही थी। सुबह करीब 5:45 बजे, आगरा से लखनऊ की तरफ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 209वें किलोमीटर के पास एक ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। तिरवा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कानपुर रेफर किया जा रहा है, जबकि मामूली रूप से घायल 22 बच्चों का इलाज तिरवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।"