भारत का 950वां वनडे जो इंडिया यादगार बनाएगा ...

By Tatkaal Khabar / 23-10-2018 03:13:11 am | 11326 Views | 0 Comments
#

विशाखापत्तनम: कप्तान विराट कोहली और ओपनर रोहित शर्मा के दमदार शतकों से पहला वनडे 8 विकेट से जीत चुकी टीम इंडिया बुधवार को वेस्ट इंडीज के खिलाफ यहां होने वाले दूसरे वनडे में जीत की लय को बरकरार रखते हुए 2-0 की बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी। यह भारत का 950वां वनडे होगा और उसे वह यादगार बनाना चाहेगा।

भारत ने वेस्ट इंडीज से पहले दोनों टेस्ट तीन दिनों के अंदर जीत लिए थे और पहले वनडे में विंडीज के 322 रन के स्कोर के बावजूद 42.1 ओवर में ही जीत हासिल कर ली थी। भारत के शीर्ष क्रम के 2 बल्लेबाजों ने ही मुकाबले को इस कदर निपटा दिया था कि मध्यक्रम को आजमाने की जरूरत नहीं पड़ी।

वेस्ट इंडीज को यदि 5 मैचों की सीरीज को प्रतिस्पर्धा के लिहाज से रोमांचक बनाना है तो उसे भारतीय बल्लेबाजी के 2 ब्रह्मास्त्रों विराट और रोहित को रोकने के लिए अपने तरकश के तीरों की मारक क्षमता बढ़ानी होगी। विराट ने पहले मुकाबले में 140 और रोहित ने नाबाद 152 रन बनाकर वेस्ट इंडीज को ध्वस्त कर दिया था।