ट्रंप और मोदी की पहली मुलाकात को लेकर उत्सुक है अमेरिका

By Tatkaal Khabar / 23-06-2017 07:34:06 am | 18114 Views | 0 Comments
#

वाशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अगले सप्ताह होने वाली मुलाकात से पहले ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि अमेरिका भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने को लेकर आशान्वित है। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नॉर्ट ने संवाददाताओं से कहा, 'हम अमेरिका और भारत के बीच संबंधों को मजबूत बनाने को लेकर आशान्वित हैं।'

 
उन्होंने कहा, 'हमारे बीच परस्पर सहयोग के कई क्षेत्र हैं, आतंकवाद से मुकाबला है, दोनों देशों के लोगों के बीच का संबंध मजबूत है, इसलिए हम इस दौरे को लेकर उत्सुक हैं।' मोदी और ट्रंप सोमवार को व्हाइट हाउस में मिलने वाले हैं। दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात होगी। पिछले साल नवंबर में ट्रंप के अमेरिका का राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद दोनों नेताओं ने फोन पर बात की थी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद भी ट्रंप ने मोदी को फोन कर बधाई दी थी।