अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प कल साबरमती आश्रम भी जाएंगे, 22 किमी का रोड शो होगा

By Tatkaal Khabar / 23-02-2020 05:32:38 am | 14298 Views | 0 Comments
#

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का 24 फरवरी को साबरमती आश्रम जाना तय हो गया है। रोड शो के दौरान 15 मिनट का समय बचाकर ट्रम्प साबरमती आश्रम जाएंगे। इसकी पुष्टि आश्रम के ट्रस्टी अमृत मोदी ने की है। यह भी तय हो गया है कि रोड शो 22 किमी का होगा। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि कल ट्रम्प के साथ रहना हमारे लिए सम्मान की बात है। 
ट्रम्प के साबरमती आश्रम में पहुंचने पर कुछ दिनों से रहस्य बना हुआ था। इसके पहले सीएम विजय रूपाणी ने कहा था कि व्हाइट हाउस की तरफ अधिकृत घोषणा के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकता है। उधर, नगर निगम कमिश्नर विजय नेहरा ने ट्वीट किया कि मोदी-ट्रम्प का रोड शो 22 किमी का ही होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प 11.30 बजे अहमदाबाद आएंगे। वहां से सीधे साबरमती आश्रम पहुंचेंगे। वहां से निकलकर मोदी और ट्रम्प सीधे मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रम्प’कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान ट्रम्प को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। मोटेरा स्टेडियम से 3.30 बजे ट्रम्प आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे।