बौखलाया पाकिस्तान! बोला-भारत की सैन्य तैयारियों पर है नजर

By Tatkaal Khabar / 27-02-2020 01:38:00 am | 15504 Views | 0 Comments
#

पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि उसकी नजर भारत की तमाम रक्षा व सैन्य तैयारियों पर बनी हुई है। उसने साथ ही गीदड़ भभकी भी दी कि वह भारत के किसी भी दुस्साहस का जवाब देने के लिए हर समय तैयार है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के महानिदेशक मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार ने एक प्रेस ब्रीफिंग में यह बात कही। 

यह ब्रीफिंग बीते साल 27 फरवरी को भारतीय वायुसेना के साथ पाकिस्तानी वायुसेना की हवा में झड़प के एक साल पूरा होने के मौके पर की गई। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने कहा कि हम अपने दुश्मन की हर खुफिया साजिश के प्रति सचेत हैं। सीमा पर भारत की तरफ से लगातार खतरा बना हुआ है। 

भारत जो खतरनाक खेल, खेल रहा है, उससे नागरिक व सैन्य नेतृत्व बाखबर है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और भारत, दोनों परमाणु हथियार से लैस हैं। इनके बीच किसी जंग की कोई जगह नहीं बनती। इनके बीच अगर जंग छिड़ी तो फिर इसके नतीजों पर कोई काबू नहीं पा सकेगा।