गलवान घाटी में घायल हुए भारत के वीर जवानों से मिले सेना प्रमुख नरवणे

By Tatkaal Khabar / 23-06-2020 02:32:13 am | 19489 Views | 0 Comments
#

गलवान में चीन के साथ हुई हिंसक झड़प में घायल हुए भारतीय सेना के जवानों से सेना प्रमुख एमएम नरवणे ने मुलाकात की। उन्‍होंने यहां पर जवानों का हालचाल पूछा और उनका हौसला भी बढ़ाया।


इस बारे में भारतीय सेना के आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट पर ट्वीट करके जानकारी दी। सेना प्रमुख पूर्वी लद्दाख की अपनी दो दिवसीय यात्रा पर हैं। गलवान घाटी में चीनी सेना से लड़ाई में 70 से ज्‍यादा भारतीय जवान घायल हो गए थे, जबकि 20 जवान शहीद हो गए थे। हालांकि इस लड़ाई में चीन को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा और उसके 40 से ज्‍यादा सैनिक मारे गए। चीन ने अभी तक अपने मारे गए सैनिकों की संख्‍या का खुलासा नहीं किया है।

वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने मारे गए सैनिकों को गलवान में ही दफना दिया है जबकि उसके कमांडर का शव ही घर भेजा गया है। चीन की पीएलए ऑर्मी ने घात लगाकर भारतीय जवानों पर हमला किया था।

चीन ने दिया था हमले का आदेश

अमेरिकी ख़ुफ़िया विभाग के मुताबिक चीन ने गलवन घाटी में भारतीय सेना पर हमले करने का आदेश दिया था। चीन के सबसे ताकतवर जनरल झाओ जोंगकी जोकि वेस्टर्न कमांड थिएटर का प्रमुख है, उसी ने चीनी सेना को गलवन घाटी में हमले को अंजाम देने का आदेश दिया था। जनरल झाओ जोंगकी पहले भी भारत के साथ कई पूर्व में हुए तनातनी को अंजाम दे चुका है।

सूत्रों के हवाले से इस खबर में बताया गया है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी चीनी सैन्य के इस कारनामे से पूरी तरह से परिचित थे और वह निश्चित रूप से इस आदेश के बारे में जानते होंगे।