दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा,करेंगे कई कार्यक्रमों में शिरकत

By Tatkaal Khabar / 11-01-2021 11:37:18 am | 17861 Views | 0 Comments
#

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार से दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंच गए हैं। असम दौरे के पहले दिन सोमवार को वे कछार जिला मुख्यालय सिलचर शहर में एक रैली को संबोधित करेंगे। साथ ही पार्टी के अन्य कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्‌डा रैली के बाद मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल सहित राज्य के पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक में भाग लेने वाले हैं।  रैली के मद्देनजर मुख्यमंत्री सोनोवाल रविवार को ही सिलचर पहुंचे थे। नड्डा का असम दौरा राज्य में आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बहुत अहम है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने 2016 में पहली बार राज्य की सत्ता में वापसी की थी। हाल के स्थानीय चुनावों में प्रभावशाली प्रदर्शन करने के बाद भाजपा को अपनी सत्ता को बचाए रखने का भरोसा है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की हालत बेहद कमजोर हो गयी है। साथ ही पिछले दिनों कांग्रेस के कद्दावर नेता व तीन बार लगातार मुख्यमंत्री रहे तरुण गोगोई का निधन हो गया था जिसके चलते कांग्रेस की हालत काफी कमजोर हो गयी है।