राज्यपाल ने किया पी0एच0डी0 चैम्बर आॅफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री के उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर का उद्घाटन

By Tatkaal Khabar / 05-05-2018 04:32:09 am | 7229 Views | 0 Comments
#

देश के विकास में उत्तर प्रदेश का विशेष महत्व है - श्री नाईक
-----
लखनऊ: 5 मई, 2018  
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने कहा कि उत्तर प्रदेश आबादी की दृष्टि  से भारत के सबसे बड़े प्रदेश के रूप में जाना जाता है। मानव संसाधन की दृष्टि से देखा जाये तो सिर्फ दुनिया के तीन देश ही उत्तर प्रदेश से बड़े हैं और ये हैं अमेरिका, चीन एवं इण्डोनेशिया। उन्होंने कहा कि यदि हम यहाँ के मानव संसाधन का सही उपयोग करें तो उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ ही नहीं भारत का ‘सर्वोत्तम प्रदेश’ बन सकता है। 
राज्यपाल श्री राम नाईक आज यह विचार पी0एच0डी0 चैम्बर आॅफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री के उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर के उद्घाटन के अवसर पर व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उत्तर प्रदेश का विशेष महत्व है। पी0एच0डी0 चैम्बर आॅफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री ने प्रदेश के विकास का जो संकल्प आज लिया है उससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास में कैसे आगे बढ़े, इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को भी संस्था से प्रेरणा लेकर प्रदेश के विकास में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पी0एच0डी0 चैम्बर आॅफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री ने प्रदेश के विकास के लिए संकल्प लिया है तो निश्चित ही उसमें सफलता मिलेगी क्योंकि यह संस्था देश की सबसे प्रतिष्ठित संस्थाओं में से एक है।
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी देश एवं प्रदेश के विकास में वहाँ के मानव संसाधन का विशेष योगदान होता है। देश के मानव संसाधन का उचित मार्गदर्शन होना चाहिए नहीं तो वह गलत रास्ते पर चले जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त भूमि, सिंचाई के साधन तथा अनुकूल वातावरण है जो विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सांस्कृतिक ताकत है। अगले वर्ष कुंभ मेले में देश, विदेश एवं अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटक एवं श्रद्धालुगण पहुंचेंगे। ऐसे में प्रदेश को सभी क्षेत्रों में विकास कर आयोजन को सफल बनाने की महत्वूपर्ण जिम्मेदारी भी है।
श्री नाईक ने कहा कि इंवेस्टर्स समिट के आयोजन से प्रदेश में निवेशकों के लिए अच्छा माहौल बना है। प्रदेश सरकार ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सुदृढ़ कानून एवं व्यवस्था, पर्याप्त बिजली की उपलब्धता लिए आवश्यक कदम उठाये हैं। प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता एवं प्रमाणिकता के साथ काम कर रही है। भ्रष्टाचार को पूर्ण रूप से खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ सभी प्रदेशवासियों को मिलेगा तथा उत्तर प्रदेश ‘सर्वोत्तम प्रदेश’ बनने में सफल होगा। राज्यपाल ने ‘चरैवेति! चरैवेति!!’ का मर्म समझाते हुये कहा कि जो लगातार चलता रहता है उसका भाग्य भी लगातार चलता रहता है। इसलिए प्रदेश के विकास के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।
महिला कल्याण एवं पर्यटन मंत्री प्रो0 रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन के बहुत से ऐतिहासिक स्थल हैं। सभी धर्मों के तीर्थ स्थान हैं। पर्यटन से सबसे अधिक रोजगार दिया जायेगा। नई पर्यटन नीति लाने के लिए भी प्रदेश सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। आगामी वर्षों में उत्तर प्रदेश भारत का सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल बन जायेगा।
कृषि निर्यात एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती स्वाती सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि एवं कृषि विपणन तथा कृषि व्यापार पर अधिक ध्यान दे रही है। मण्डी अधिनियम को बदला गया है। किसानों को अधिक संख्या में मण्डियाँ उपलब्ध करायी जा रही हैं जिससे उन्हें अपनी उपज को बेचने में आसानी हो। उन्होंने कहा कि युवाओं को भी कृषि एसे जोड़ा जा रहा है तथा ग्रीष्मकालीन शिविरों के माध्यम से उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करने की भी व्यवस्था की जायेगी।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक श्री ओ0पी0 सिंह, पी0एच0डी0 चैम्बर आॅफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री के चेयरमैन श्री ललित खेतान, श्री गौरव प्रकाश, श्री रंजीत चतुर्वेदी, श्री प्रदीप अग्रवाल, श्री मुकेश सिंह, सहित अन्य विशिष्टजन भी उपस्थित थे। इस अवसर पर राज्यपाल ने श्री दीपेन्द्र हुड्डा, श्री अजय कुमार सिंह, श्री आनन्द सिंह, श्री उत्कर्ष रघुवंशी, श्री संजय सिन्हा, श्री उदित सिन्हा, श्री सचिन अग्रवाल, श्री ओमप्रकाश, श्री मनीष सहित अन्य लोगों को अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया। 
कार्यक्रम में पी0एच0डी0 चैम्बर आॅफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री के चेयरमैन श्री ललित खेतान सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों ने पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर राज्यपाल का सम्मान भी किया।