चक्रवात तौकते के कारण महाराष्ट्र में कोरोना वैक्सीनेशन पर ब्रेक

By Tatkaal Khabar / 16-05-2021 02:38:03 am | 21628 Views | 0 Comments
#

 मुंबई नगरपालिका ने चक्रवाती तूफान तौकते को लेकर जारी चेतावनी के मद्देनजर कोविड-19 टीकाकरण अभियान को 17 मई को तीसरे दिन भी रोके रखने का रविवार को फैसला किया. नगपालिका आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने यह जानकारी दी. दरअसल, बीएमसी ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की चक्रवात संबंधी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए 15 और 16 मई को कोई टीकाकरण नहीं किया जाएगा.
चहल ने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम अब मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को लागू किया जाएगा. मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात तौकते ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान’ में तब्दील हो चुका है और यह 17 मई की शाम को गुजरात तट के पास पहुंच सकता है. 18 मई की सुबह भावनगर जिले में महुवा और पोरबंदर से गुजरेगा. बीएमसी के एक अधिकारी ने पहले बताया था कि तूफान तौकते के शहर के पास से होकर गुजरने की चेतावनी के चलते शहर के कोविड देखभाल केंद्रों से 580 मरीजों को एहतियात के तौर हटाकर दूसरी जगह भेज दिया गया.