विजय रूपाणी के इस्तीफे पर बोले राघव चड्ढा, AAP के मजबूत होने से भाजपा को गुजरात और उत्तराखंड में हटाना पड़ा CM

By Tatkaal Khabar / 11-09-2021 02:17:58 am | 11973 Views | 0 Comments
#

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आज अपना इस्तीफा दे दिया है। विजय रूपाणी के इस्तीफे की कई वजह बताई जा रही है। इन सब के बीच विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद राजनीति भी तेज हो गई है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेता और प्रवक्ता राघव चड्ढा ने इस पर अपना अलग दावा किया है। राघव चड्ढा ने एक निजी चैनल की संवाददाता की बाइट को ट्वीट करते हुए लिखा कि आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में प्रवेश किया, सत्तारूढ़ भाजपा का एक मजबूत और प्रभावी विरोध प्रस्तुत किया। मजबूरी में भाजपा को अपना मुख्यमंत्री हटाना पड़ा।


यही कारण उन्होंने गुजरात के संदर्भ में भी लिखा। उन्होंने लिखा कि आप ने भाजपा के गढ़ को तोड़ा, सूरत में 27 सीटें जीतीं। गुजरात में अप्रभावी कांग्रेस को उखाड़ फेंका। यही कारण रहा कि मजबूरन भाजपा को अपना मुख्यमंत्री हटाना पड़ा। आम आदमी पार्टी के नेता का यह दावा बड़ा ही दिलचस्प नजर आ रहा है। भले ही पार्टी ने किन्हीं और वजह से दोनों राज्यों में मुख्य मंत्रियों को बदला हो लेकिन आम आदमी पार्टी इसका श्रेय लेने की कोशिश में है।


गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। हाल में ही एबीपी-सी वोटर के सर्वे में आम आदमी पार्टी को कुछ प्रतिशत वोट जाता दिखाई दे रहा है। लेकिन भाजपा ने दूसरी परिस्थितियों की वजह से अपने दो मुख्यमंत्रियों को उत्तराखंड में बदलें। अगर गुजरात की बात करें तो सूरत नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन अच्छा किया। हालांकि भाजपा के प्रदर्शन में गिरावट तो नहीं हुआ लेकिन कांग्रेस वहां अपना खाता नहीं खोल सकी थी।