Punjab Election 2022: पंजाब में चन्नी होंगे कांग्रेस के सीएम फेस, राहुल गांधी ने किया ऐलान

By Tatkaal Khabar / 07-02-2022 03:23:47 am | 9926 Views | 0 Comments
#

Punjab Election 2022: लुधियाना में रविवार को वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में कांग्रेस सीएम फेस का ऐलान कर दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस से पंजाब के मुख्यमंत्री उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी जी होंगे। चन्नी जी मुख्यमंत्री बने, अहंकार नहीं है, जनता के बीच जाते हैं।क्या आपने कभी नरेंद्र मोदी को जनता के बीच जाते हुए देखा, सड़क पर किसी की मदद करते हुए देखा है? नहीं करेंगे क्योंकि वे प्रधानमंत्री नहीं राजा हैं। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से पंजाब सीएम फेस के ऐलान के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि ये बहुत बड़ी लड़ाई है जो मैं अकेला नहीं लड़ सकता। न मेरे पास पैसा है, न इतनी हिम्मत है। हिम्मत भी पंजाब के लोग देंगे, सब कुछ पंजाब के लोग करेंगे। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनेगी। लोगों की सरकार बनेगी और लोगों के लिए सरकार बनेगी।


पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने ट्वीट कर लिखा है कि मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं कांग्रेस हाईकमान और पंजाब के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। जैसा कि आपने हमें पिछले 111 दिनों में पंजाब को आगे ले जाने के लिए इतनी मेहनत करते देखा है, मैं आपको पंजाब और पंजाबियों को नए जोश और समर्पण के साथ प्रगति के पथ पर ले जाने का आश्वासन देता हूं।