चुनावी हार के बाद शरद पवार और उद्धव ठाकरे को लगा एक और बड़ा झटका, अखिलेश की सपा ने एमवीए से तोड़ा नाता

By Tatkaal Khabar / 07-12-2024 01:03:13 am | 8987 Views | 0 Comments
#

मुंबई| महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी में बड़ा उलटफेर हुआ है. चुनाव में हार का जख्म अभी भरा भी नहीं था कि शरद पवार और उद्धव ठाकरे को एक और बड़ा झटका मिला है. जी हां, एमवीए यानी महाविकास अघाड़ी से अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने अपना नाता तोड़ लिया है. उद्धव के करीबी के बयान के बाद सपा ने एमवीए से खुद को अलग कर लिया है.

दरअसल, विपक्षी गठबंधन को बड़ा झटका देते हुए समाजवादी पार्टी ने शनिवार को महाराष्ट्र विकास अघाड़ी से नाता तोड़ लिया. महाराष्ट्र सपा प्रमुख अबू आजमी ने इसका ऐलान किया. दरअसल, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के करीबी नेता ने बाबरी मस्जिद विध्वंस की सराहना की थी. राज्य में समाजवादी पार्टी के दो विधायक हैं.

दरअसल, महाराष्ट्र सपा प्रमुख अबू आजमी ने शिवसेना (यूबीटी) के एक अखबार में छपे विज्ञापन को इस बड़े फैसले के पीछे की वजह बताया. इस विज्ञापन में बाबरी मस्जिद को गिराने वालों को बधाई दी गई थी. आजमी ने कहा, ‘उनके (उद्धव ठाकरे) सहयोगी ने एक्स पर भी मस्जिद विध्वंस की सराहना करते हुए पोस्ट किया है.’ उन्होंने घोषणा की, ‘हम महाविकास अघाड़ी छोड़ रहे हैं. मैं (समाजवादी पार्टी अध्यक्ष) अखिलेश सिंह यादव से बात कर रहा हूं.’

यह घोषणा उद्धव सेना के एमएलसी मिलिंद नार्वेकर की ओर से बाबरी मस्जिद विध्वंस की एक तस्वीर पोस्ट करने और शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे के हवाले से ‘मुझे ऐसा करने वालों पर गर्व है’ लिखने के बाद आई है.