धामी सरकार की बड़ी सौगात: ₹62 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी, पूर्व सैनिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति और वाइब्रेंट विलेज में ‘थाना दिवस’ को भी हरी झंडी

By Amitabh Trivedi / 25-07-2026 03:23:17 am | 45 Views | 0 Comments
#

सीवरेज, नाबार्ड परियोजनाएं, कुंभ 2027, मंदिर विकास और जनसुविधाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति; पूर्व सैनिकों के छात्र-छात्राओं के लिए ₹36.84 लाख की छात्रवृत्ति भी मंजूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लिए लगभग ₹62 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति के लिए ₹36.84 लाख मंजूर किए गए हैं तथा सीमांत वाइब्रेंट विलेज में ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने राज्य सेक्टर के अंतर्गत देहरादून के टपकेश्वर महादेव, गढ़ी डाकरा कैंट क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) के निर्माण के लिए भूमि क्रय हेतु ₹6.62 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके अलावा नाबार्ड वित्तपोषित 21 विकास योजनाओं के लिए ₹41.37 करोड़ की धनराशि जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है। कुंभ 2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत बल्ली बैरिकेडिंग, चक्रव्यूह बैरियर, अस्थायी फायर वॉच टावर सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए ₹5.46 करोड़ की स्वीकृति दी है। वहीं आठ अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण सहित अन्य कार्यों के लिए ₹6.85 करोड़ की धनराशि भी मंजूर की गई है। मंदिरों के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में ग्राम सभा सकुनी से सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के शेष कार्यों के लिए ₹1.24 करोड़ की स्वीकृति देते हुए प्रथम किस्त के रूप में ₹74.83 लाख जारी करने की मंजूरी दी है। इसके अलावा अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र के सेराघाट स्थित मां मंगला भगवती मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए ₹72.83 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किस्त के रूप में ₹43.69 लाख जारी किए गए हैं। पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड की भौड़ी ग्राम पंचायत स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए ₹22 लाख की स्वीकृति भी दी गई है। अंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण को मंजूरी मुख्यमंत्री ने उधमसिंह नगर जिले के किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है। पूर्व सैनिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के भूतपूर्व सैनिकों के इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति देने के लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से ₹36.84 लाख की धनराशि आवंटित करने का अनुमोदन प्रदान किया है। यह छात्रवृत्ति पूर्व की व्यवस्था के अनुसार जारी रहेगी। सीमांत गांवों में होगा ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’ मुख्यमंत्री ने चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत और उधमसिंह नगर के वाइब्रेंट विलेज में ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम संचालित करने की भी मंजूरी दी है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस विभाग ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करेगा तथा कानून-व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी समस्याएं, दस्तावेज सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, साइबर जागरूकता और पुलिस से जुड़ी अन्य शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। राज्य सरकार का मानना है कि इन पहलों से सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ आम नागरिकों को प्रशासन और पुलिस सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। — आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता #PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Development #NABARD #Kumbh2027 #VibrantVillage #ExServicemen #Scholarship #Dehradun #Yugvarta