चित्रकूट में बाढ़ का कहर, CM योगी ने रामघाट पहुंचकर लिया जायजा
लखनऊ, 06 सितंबर 2026 मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर से चित्रकूट में पैदा हुए बाढ़ के हालात का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को जिले में पहुंचे। करीब 12:30 बजे देवांगना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी उनके साथ रहे। हवाई सर्वे के बाद सीएम योगी रामघाट पहुंचे और मौके पर हालात का जायजा लिया। रामघाट पर मुख्यमंत्री ने बाढ़ के चलते हुए नुकसान को करीब से देखा। उन्होंने स्थानीय निवासियों और प्रभावित व्यापारियों से बातचीत करके उनकी परेशानियों की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों से राहत और बचाव अभियान की स्थिति जानी तथा प्रभावित लोगों तक जल्द सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। रामघाट के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त संत तुलसीदास की प्रतिमा पर भी गई। उन्होंने प्रतिमा की स्थिति पर चिंता जताई और अधिकारियों से उसके जीर्णोद्धार के साथ सुरक्षा को लेकर जानकारी ली। बाढ़ के तेज बहाव ने रामघाट क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया है। मंदाकिनी नदी के उफान से जिले के 36 गांव प्रभावित बताए गए हैं। बाढ़ के पानी ने कई कच्चे और पक्के मकानों को नुकसान पहुंचाया है, वहीं खेतों में खड़ी खरीफ की फसलें भी जलमग्न हो गई हैं। मुख्यमंत्री सीतापुर रैन बसेरा में बनाए गए राहत शिविर पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। रामायण प्रेक्षागृह में प्रभावित लोगों को राहत सामग्री की किट बांटने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए रामघाट में जल पुलिस के साथ गोताखोरों को तैनात किया गया है। घाट पर नाव और मोटरबोट की मदद से निगरानी की जा रही है, जबकि जाल के जरिए भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है। प्रशासन का प्रयास प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और जरूरी मदद पहुंचाने के साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।