धामी का विपक्ष पर हमला, बोले- महिला सम्मान के नाम पर हो रही अवसरवादी राजनीति
देहरादून, 17 नवंबर 2026 उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मातृशक्ति के सशक्तिकरण, बेटियों की सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के भविष्य को संवारने, बच्चों के बेहतर भविष्य, मातृशक्ति की सुरक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए धामी ने कहा कि कुछ लोगों को महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की पीड़ा, दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग केवल महिलाओं के नाम पर अवसरवादी राजनीति करना जानते हैं। महिला सम्मान की बात करने वाले इन लोगों का वास्तविक उद्देश्य महिलाओं के हितों से जुड़ा नहीं है। मुख्यमंत्री ने आगे आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति का एजेंडा भ्रम फैलाना, झूठ बोलना और अफवाहों के जरिए राजनीतिक लाभ उठाना है। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान के नाम पर बड़ी-बड़ी बातें करने के बजाय महिलाओं की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए काम करना जरूरी है।