वोट कटने के दावे पर अखिलेश का योगी पर तंज, चुनाव आयोग को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप

By Tatkaal Khabar / 17-11-2026 04:53:29 am | 98 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 17 नवंबर 2026 उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम कटने का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1 करोड़ 27 लाख वोट कटने संबंधी दावे पर सवाल उठाते हुए उनके बयान को कठघरे में खड़ा किया। अखिलेश ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के उस कथन का हवाला दिया, जिसमें कहा गया कि मतदाता सूची जेंडर के आधार पर तैयार होती है, जाति के आधार पर नहीं। इसी को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि मुख्यमंत्री को आखिर किस 'दिव्य शक्ति' या 'आसमान से मिली जानकारी' के जरिए इतने वोट कटने का पता चला। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान PDA यानी पिछड़े, दलित, आदिवासी और मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री के 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि क्या वे सभी मतदाता सनातनी थे। साथ ही उन्होंने कटाक्ष किया कि मुख्यमंत्री को यह जानकारी किस सैटेलाइट या तकनीक के जरिए मिली थी। सपा प्रमुख ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस आंकड़े का दोबारा जिक्र नहीं करने की चेतावनी दी थी। अखिलेश के मुताबिक, आयोग ने कहा था कि यदि उन्होंने फिर 1 करोड़ 27 लाख हिंदू वोट कटने की बात कही तो आयोग उनकी कोई मदद नहीं कर पाएगा। उन्होंने दावा किया कि इसी दबाव के चलते मुख्यमंत्री ने उसके बाद इस मुद्दे पर दोबारा बयान नहीं दिया। इस बयान के जरिए अखिलेश ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सियासी सवाल खड़े किए हैं।